कोरबा। जिले में अवैध शराब के काले कारोबार पर आबकारी विभाग ने करारा प्रहार किया है। दीपका वृत्त की टीम ने गुरुवार को ग्राम राजकम्मा आवासपारा में बड़ी दबिश देकर 22 वर्षीय महिला आरोपी सैजल उर्फ पिंकी ध्रुव को दौड़ाकर पकड़ा। उसके कब्जे से 7.2 लीटर महुआ शराब जब्त की गई है।
यह वही चर्चित पिंकी है, जो 20 सितंबर की कार्रवाई के दौरान पुलिस को चकमा देकर फरार हो गई थी। उस दिन उसकी साथी भगवती ध्रुव 13.2 लीटर महुआ शराब के साथ पकड़ी गई थी, लेकिन पिंकी भाग निकली थी। तभी से आबकारी उपनिरीक्षक दीपमाला लक्षवानी और आरक्षक अभिषेक चौहान की टीम उसकी तलाश में थी। आखिरकार मुखबिर की सूचना पर टीम ने उसे धर दबोचा।
गणेश विसर्जन के बीच बढ़ा विवाद: प्रशिक्षु डीएसपी से भिड़े युवक, छह गिरफ्तार
इस गिरफ्तारी की सबसे बड़ी चर्चा इसकी पृष्ठभूमि को लेकर है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार पिंकी और उसके भाई ने ही कटघोरा थाने में पदस्थ दो पुलिसकर्मियों पर अवैध वसूली का आरोप लगाया था। शिकायत पर एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की थी।
झीरम घाटी हमला केस हाईकोर्ट पहुंचा, 10 दोषियों की फांसी पर होगी सुनवाई
अब उसी मामले की शिकायतकर्ता खुद अवैध शराब के साथ पकड़ी गई है। आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल दाखिल कर दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबारियों पर लगातार शिकंजा कसा जाएगा। आबकारी अधिकारी ने बताया कि अवैध शराब की बिक्री और महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है और आगे भी जारी रहेगी। इसे लेकर विशेष टीम भी बनाई गई है, जो लगातार नजर रख रही है।
