कलेक्टर की मौजूदगी में शाला प्रवेश उत्सव और बीज उत्सव, 45 हजार से अधिक सीड बॉल तैयार

Follow Us

सारंगढ़-बिलाईगढ़। बरमकेला ब्लॉक के ग्राम पंचायत खिचरी स्थित समग्र शिक्षा अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला में शाला प्रवेश उत्सव एवं बीज उत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने विद्यार्थियों, ग्रामीणों, महिला समूहों और शिक्षकों के साथ सहभागिता करते हुए बच्चों का उत्साह बढ़ाया।

विद्यालय परिसर को फलदार एवं छायादार वृक्षों के बीजों से बने आकर्षक सीड बॉल्स से सजाया गया, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। कलेक्टर ने विद्यार्थियों के सांस्कृतिक और नृत्य प्रस्तुतियों की सराहना की तथा बच्चों को गणवेश और पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ मध्यान्ह भोजन भी किया।

बीज उत्सव के दौरान महिला स्व-सहायता समूहों ने मिट्टी के गोलों में विभिन्न प्रकार के बीज डालकर सीड बॉल तैयार किए। इन्हें वर्षा ऋतु में गोमर्डा अभयारण्य और जिले के बंजर क्षेत्रों में फैलाया जाएगा, जिससे हरियाली और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। जिले में चल रहे 1 लाख सीड बॉल महाअभियान के तहत बरमकेला ब्लॉक में अब तक 45 हजार से अधिक सीड बॉल तैयार किए जा चुके हैं।

कलेक्टर ने स्वयं सीड बॉल बनाकर अभियान में भाग लिया और सभी नागरिकों से इसमें जुड़ने की अपील की। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य अभिलाषा नायक, सहोदरा सिदार, जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन, डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, बिहान महिला समूह की सदस्याएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।