पंजीकृत महिला श्रमिकों को मिलेगा ई-रिक्शा खरीदने के लिए 1.50 लाख अनुदान

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग के अंतर्गत भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा पंजीकृत महिला निर्माण श्रमिकों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना संचालित की जा रही है। योजना का उद्देश्य महिला श्रमिकों की आय बढ़ाना, रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। योजना के तहत मंडल में कम से कम तीन वर्ष से पंजीकृत पात्र महिला निर्माण श्रमिकों को ई-रिक्शा खरीदने के लिए 1 लाख 50 हजार रुपये तक की अनुदान राशि प्रदान की जाती है। इससे महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बन सकती हैं। पात्र हितग्राही अपनी पसंद की ई-रिक्शा कंपनी का चयन कर बैंक से ऋण प्राप्त करने के बाद आवेदन कर सकते हैं। आवेदन श्रमेव जयते पोर्टल, Shramev Jayate Mobile App, निकटतम श्रम संसाधन केंद्र, चॉइस सेंटर या संबंधित जिला श्रम कार्यालय में जमा किया जा सकता है। श्रम विभाग ने पात्र महिला श्रमिकों से योजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार से जुड़ने और अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की अपील की है।