विजय से जलन की अफवाहों पर भड़के रजनीकांत: बोले- “मेरा स्तर इतना गिरा नहीं”, जनरेशन गैप पर दिया बड़ा बयान

Follow Us

चेन्नई। साउथ फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज सुपरस्टार रजनीकांत ने तमिलनाडु के हालिया राजनीतिक घटनाक्रम और अपने ऊपर लग रही अफवाहों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि, सीएम विजय से जलन की बातें पूरी तरह बेबुनियाद हैं और उनका “स्तर इतना गिरा नहीं है” कि वह ऐसी बातों पर प्रतिक्रिया दें।

रजनीकांत ने अपने घर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उनके और विजय के बीच करीब 25 साल का उम्र का अंतर है, इसलिए दोनों के बीच जनरेशन गैप है। उन्होंने कहा कि, उन्होंने कभी भी किसी के प्रति जलन या नकारात्मक भावना नहीं रखी। हाल ही में एक्टर से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके की चुनावी सफलता के बाद रजनीकांत को लेकर कई तरह की राजनीतिक अटकलें सामने आई थीं। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि, वह नतीजों से नाखुश थे, हालांकि रजनीकांत ने इन सभी बातों को खारिज कर दिया।

उन्होंने यह भी बताया कि चुनाव परिणाम के बाद उन्होंने तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम.के स्टालिन से मुलाकात की थी, जो उनकी व्यक्तिगत दोस्ती का हिस्सा था। उन्होंने कहा कि, राजनीति से ऊपर उनके व्यक्तिगत संबंध हैं और इसे गलत तरीके से नहीं देखा जाना चाहिए। रजनीकांत ने विजय की तारीफ करते हुए कहा कि, कम उम्र में इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करना सराहनीय है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि, वे शपथ ग्रहण जैसे कार्यक्रमों में आमतौर पर शामिल नहीं होते।