रायपुर का फरार हिस्ट्रीशीटर गौरव हेपट गिरफ्तार, अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा डी.डी. नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर गौरव हेपट को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, गौरव हेपट थाना डी.डी. नगर में दर्ज भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 109(1) और 3(5) के एक मामले में घटना के बाद से फरार था। लंबित गंभीर मामलों की समीक्षा के दौरान पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।

निर्देशों के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डी.डी. नगर थाना पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि गौरव हेपट कोतवाली थाना का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट, नारकोटिक्स से जुड़े अपराधों समेत एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।