नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने ट्रेनों की समयपालन (पंक्चुअलिटी) और देरी की रियल-टाइम निगरानी के लिए अपना पहला इन-हाउस एंड्रॉयड आधारित मोबाइल ऐप ‘Punctuality BZA’ लॉन्च किया है। इस ऐप को दक्षिण तटीय रेलवे (South Coast Railway) के विजयवाड़ा मंडल ने विकसित किया है। इसका उद्देश्य रेलवे अधिकारियों को कहीं से भी ट्रेनों की आवाजाही पर नजर रखने और समय रहते परिचालन संबंधी फैसले लेने में सक्षम बनाना है।
नए ऐप के जरिए रेलवे अधिकारियों और कंट्रोलरों को मोबाइल पर ही ट्रेनों की निगरानी की सुविधा मिलेगी। इससे डेस्कटॉप आधारित सिस्टम पर निर्भरता कम होगी और पारंपरिक ICMS वेब पोर्टल की जटिल प्रक्रिया से भी राहत मिलेगी, जिसमें कई स्क्रीन और OTP आधारित लॉगिन की जरूरत पड़ती थी।
रेलवे के मुताबिक ‘Punctuality BZA’ ऐप एक सिंगल और यूजर-फ्रेंडली डैशबोर्ड पर सभी जरूरी परिचालन संबंधी जानकारियां उपलब्ध कराता है। इसमें सेक्शन-वाइज ट्रेन स्टेटस, लेट ट्रेन मॉनिटरिंग (LTM), पंक्चुअलिटी असेसमेंट मॉड्यूल (PAM), ‘लॉस्ट ट्रेन’ की पहचान और 15 मिनट से अधिक देरी होने पर ऑटोमेटेड अलर्ट जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
इस ऐप को रेलवे के इन-हाउस लेट ट्रेन मॉनिटरिंग (LTM BZA) सिस्टम से भी जोड़ा गया है। यह सिस्टम ट्रेन मैनेजरों के लिए परिचालन से जुड़े दस्तावेज स्वतः तैयार करता है। इंटीग्रेशन के बाद अधिकारियों को ट्रेनों की देरी और संचालन की रियल-टाइम जानकारी मिलेगी, जिससे परिचालन संबंधी समस्याओं पर तेजी से कार्रवाई की जा सकेगी।
विजयवाड़ा मंडल के डिविजनल रेलवे मैनेजर (DRM) मोहित सोनाकिया ने कहा कि यह ऐप अधिकारियों को रियल-टाइम ऑपरेशनल डेटा उपलब्ध कराएगा, जिससे समय रहते आवश्यक हस्तक्षेप और डेटा आधारित निर्णय लिए जा सकेंगे। उनके अनुसार, इससे फील्ड स्टाफ सुरक्षा और यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेगा।
