हैदराबाद। साउथ सिनेमा के सुपरस्टार महेश बाबू और बॉलीवुड के बीच की पुरानी बहस एक बार फिर जिंदा हो गई है। हाल ही में एक पॉडकास्ट इंटरव्यू के दौरान बॉलीवुड और साउथ की फिल्मों में विलेन की भूमिका निभाने वाले एक्टर राहुल देव ने महेश बाबू को लेकर एक चौंकाने वाली टिप्पणी कर दी है। राहुल देव, जो तेलुगु सिनेमा में ‘अथाडू’ जैसी फिल्मों के लिए मशहूर हैं, ने महेश बाबू के उस पुराने बयान पर कटाक्ष किया जिसमें सुपरस्टार ने कहा था कि “बॉलीवुड उन्हें अफोर्ड नहीं कर सकता।” इस पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल देव ने मजाकिया लहजे में और आंख मारते हुए कहा, “महेश को हिंदी भाषा नहीं आती।” हालांकि यह बयान हल्के-फुल्के अंदाज में दिया गया था, लेकिन इसने सोशल मीडिया पर महेश बाबू के प्रशंसकों के बीच भारी नाराजगी पैदा कर दी है। प्रशंसक अब महेश बाबू के पुराने वीडियो साझा कर रहे हैं ताकि यह साबित कर सकें कि उन्हें हिंदी की अच्छी समझ है।

इंटरव्यू में राहुल देव ने जहां एक तरफ महेश बाबू की तारीफ करते हुए कहा कि, वे त्रिविक्रम श्रीनिवास जैसे निर्देशकों के साथ मिलकर बेहतरीन कमर्शियल फिल्में चुनते हैं, वहीं दूसरी तरफ उनके भाषा कौशल पर सवाल उठाकर विवाद खड़ा कर दिया। याद दिला दें कि साल 2022 में महेश बाबू ने एक फिल्म इवेंट के दौरान कहा था कि, उन्हें हिंदी फिल्मों के कई ऑफर्स मिले, लेकिन वे वहां अपना समय बर्बाद नहीं करना चाहते। उनके “बॉलीवुड मुझे अफोर्ड नहीं कर सकता” वाले बयान ने उस समय पूरे देश में सुर्खियां बटोरी थीं। वर्क फ्रंट की बात करें तो महेश बाबू इन दिनों एस.एस. राजामौली की मेगा-बजट फिल्म ‘वाराणसी’ पर काम कर रहे हैं, जिसमें प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन भी नजर आएंगे। यह फिल्म 2027 में रिलीज होने की उम्मीद है, जिसे लेकर अभी से ही फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है।
