PMGSY सड़क निर्माण पर उठे सवाल, वन भूमि से अवैध मुरुम उत्खनन के आरोप

Follow Us

बीजापुर। जिले के बीजापुर विकासखंड अंतर्गत तुमनार पंचायत में निर्माणाधीन प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) सड़क परियोजना को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य के दौरान वन भूमि और तालाब किनारे से कथित तौर पर अवैध मुरुम उत्खनन किए जाने का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, तराईपारा से तुमनार तक लगभग 3 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य जारी है। आरोप है कि निर्माण कार्य में उपयोग के लिए बड़े पैमाने पर वन क्षेत्र से मुरुम निकाला जा रहा है, जिससे जंगल और पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। स्थानीय सूत्रों का दावा है कि इस प्रक्रिया में कई पेड़-पौधों को भी क्षति पहुंची है।

ग्रामीणों का कहना है कि मामले की जानकारी होने के बावजूद संबंधित विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। वहीं, वन विभाग की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि वन क्षेत्र में हो रही गतिविधियों पर पर्याप्त निगरानी नहीं रखी जा रही है। कुछ स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि वन विभाग की कार्रवाई से बचने के लिए रात के समय मुरुम उत्खनन किया जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले को लेकर प्रशासन और वन विभाग की ओर से फिलहाल कोई औपचारिक बयान सामने नहीं आया है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि शिकायतों और आरोपों की जांच कर संबंधित विभाग क्या कार्रवाई करते हैं।