कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह (IPS) के कड़े निर्देशन और आला अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना बोड़ला और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ग्राम खैरबनाखुर्द में चल रहे एक बड़े जुआ फड़ पर दबिश दी। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की और ताश के 52 पत्तों पर पैसों का दांव लगा रहे 10 जुआरियों को मौके से रंगे हाथों धर दबोचा।
इस अचानक की गई छापेमारी से जुआरियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से जुआ खेलने की सामग्री के साथ-साथ 21,260 रुपये नगद, 7 एंड्रॉइड स्मार्टफोन और 1 कीपैड मोबाइल जप्त किया है। जप्त किए गए इस पूरे मशरूका की कुल अनुमानित कीमत करीब 92,260 रुपये आंकी गई है। पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कानूनी मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्यवाही की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में सुभाष मानिकपुरी, अमरदास, भागीरथी, नारायण, दीनू, अमन, प्रेमचंद, संजय, कोदाराम और सोनू मिरी शामिल हैं।
इस सफल कार्रवाई के बाद पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों को सख्त लहजे में चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में जुआ, सट्टा, अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी जैसी अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे अपने आसपास होने वाले किसी भी अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि समय पर सख्त एक्शन लिया जा सके।
