पंजाब बंद का असर: सफाईकर्मियों पर लाठीचार्ज के विरोध में वाल्मीकि समाज सड़क पर, कई स्कूल बंद

Follow Us

जालंधर/बरनाला। बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में वाल्मीकि समाज के संगठनों ने सोमवार को पंजाब बंद का आह्वान किया है। प्रदर्शन के चलते राज्य के कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। जालंधर समेत कई शहरों में एहतियात के तौर पर स्कूलों ने छुट्टी घोषित कर दी है।

जालंधर के कई निजी स्कूलों ने छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए ऑफलाइन कक्षाएं स्थगित कर दीं और ऑनलाइन पढ़ाई की व्यवस्था की। इनमें एमजीएन पब्लिक स्कूल, सेठ हुक्मचंद स्कूल, इनोसेंट हार्ट स्कूल और शिव ज्योति पब्लिक स्कूल जैसे संस्थान शामिल हैं। वाल्मीकि संगठनों ने व्यापारियों, सामाजिक संस्थाओं और आम लोगों से बंद का समर्थन करने की अपील की है। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बाजार, परिवहन और व्यापारिक गतिविधियों पर असर पड़ने की संभावना जताई गई है।

दरअसल, 22 जुलाई को बरनाला में प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर कथित लाठीचार्ज के बाद विवाद बढ़ गया था। सरकार ने मामले में एक डीएसपी को निलंबित किया, लेकिन संगठनों का कहना है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच जरूरी है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि घटना की पारदर्शी जांच कराई जाए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। संगठनों ने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।