भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर प्रदेश के सभी स्कूलों में होंगे कार्यक्रम, विद्यार्थियों को बताए जाएंगे उनके संघर्ष और योगदान

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में महान स्वतंत्रता सेनानी एवं जनजातीय नायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय ने प्रदेश के सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। दरअसल, भगवान बिरसा मुंडा की जयंती हर साल 15 नवंबर को मनाई जाती है। इस वर्ष 15 नवंबर को रविवार होने के कारण स्कूलों में 14 नवंबर अथवा 16 नवंबर 2026 को जयंती के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालय शामिल होंगे।

विद्यार्थियों को बताए जाएंगे बिरसा मुंडा के आदर्श
जारी निर्देशों के अनुसार, सभी स्कूलों में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और आदर्शों पर आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके तहत विद्यार्थियों के लिए लेखन, वाचन और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

शिक्षकों और विद्यार्थियों की भागीदारी जरूरी
लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी विद्यालयों को कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, शिक्षकों और संस्थागत प्रमुखों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों को देश के महान जनजातीय नायक भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और योगदान से परिचित कराना तथा उनके विचारों और आदर्शों से प्रेरित करना है।