आर्म्स एक्ट पर सियासी बवाल! कांग्रेस नेता पर केस के खिलाफ थाने के बाहर 16 घंटे से धरना, दीपक बैज-टीएस सिंहदेव ने घेरा प्रशासन

Follow Us

सूरजपुर। शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव से पहले सूरजपुर में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन पर दर्ज आर्म्स एक्ट मामले को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। बिश्रामपुर थाने के बाहर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में पार्टी नेता और कार्यकर्ता लगातार धरने पर बैठे हैं। देर रात पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव भी धरना स्थल पहुंचे और पुलिस प्रशासन से मामले में जवाब मांगा। कांग्रेस का आरोप है कि, भाजपा के दबाव में फर्जी केस दर्ज किया गया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि चुनावी माहौल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है।

वहीं पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ता की शिकायत के आधार पर नरेंद्र जैन के खिलाफ हथियार दिखाकर धमकी देने का मामला दर्ज किया है। टीएस सिंहदेव ने सवाल उठाते हुए कहा कि, यदि जांच अभी जारी है तो आर्म्स एक्ट की धाराएं किस आधार पर लगाई गईं। उन्होंने पूछा कि, क्या कोई हथियार बरामद हुआ या उसका इस्तेमाल किया गया, इसकी स्पष्ट जानकारी अब तक नहीं दी गई है। धरना स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि, यदि मामला वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भी प्रदर्शन में शामिल होने की संभावना है, जिससे सियासी तापमान और बढ़ गया है।