घर बैठे मोबाइल से जमा करें वाहन का ई-चालान, जानिए ऑनलाइन भुगतान की पूरी प्रक्रिया

Follow Us

० यातायात पुलिस दुर्ग ने वाहन चालकों को दी सुविधा की जानकारी, यूपीआई, फोन-पे, क्रेडिट-डेबिट कार्ड और नेट बैंकिंग से कर सकेंगे भुगतान; फर्जी लिंक और वेबसाइट से बचने की अपील

दुर्ग। अब वाहन चालकों को अपने ई-चालान का भुगतान करने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। वाहन चालक घर बैठे अपने मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन ई-चालान की जानकारी प्राप्त कर उसका भुगतान कर सकते हैं। यातायात पुलिस दुर्ग ने वाहन चालकों की सुविधा के लिए ई-चालान चेक करने और ऑनलाइन भुगतान करने की पूरी प्रक्रिया साझा की है।

यातायात पुलिस के मुताबिक, वाहन चालक परिवहन विभाग की आधिकारिक https://echallan.parivahan.nic.in के माध्यम से अपने वाहन पर दर्ज चालान की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके बाद यूपीआई, फोन-पे, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड अथवा नेट बैंकिंग के जरिए लंबित चालान का भुगतान किया जा सकता है।

ऐसे चेक करें अपने वाहन का ई-चालान
ई-चालान की जानकारी प्राप्त करने के लिए सबसे पहले मोबाइल में गूगल खोलकर ई-चालान सर्च करें। इसके बाद परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://echallan.parivahan.nic.in पर जाएं। वेबसाइट खुलने के बाद पे-चालान विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद वाहन का विकल्प चुनकर निर्धारित स्थान पर अपने वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें। स्क्रीन पर दिखाई देने वाला CAPTCHA भरकर Get Detail पर क्लिक करें। इसके बाद आपके वाहन पर दर्ज चालानों की पूरी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी। इसमें चालान नंबर, चालान जारी करने वाला विभाग, चालान की तारीख और जुर्माने की राशि की जानकारी मिलेगी।

रायपुर नगर पालिक निगम क्षेत्र में वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए

इन आसान स्टेप्स से करें ऑनलाइन भुगतान
जिस चालान का भुगतान करना है, उसके सामने दिए गए चेक बॉक्स पर क्लिक करें। इसके बाद पे-करें विकल्प चुनें। पेमेंट गेटवे पर सीधा पेयमेंट के विकल्प पर क्लिक कर आई असेप्ट टर्न एंड कंडिसन पर टिक करें और समीट करें। इसके बाद भुगतान के लिए यूपीआई, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और नेट बैंकिंग के विकल्प दिखाई देंगे। वाहन चालक अपनी सुविधानुसार भुगतान का माध्यम चुन सकते हैं। यूपीआई से भुगतान करने पर क्यूआर कोड स्कैन कर फोन-पे, गूगल-पे या अन्य यूपीआई ऐप के माध्यम से राशि जमा की जा सकती है।

भुगतान के बाद रसीद डाउनलोड करना न भूलें
सफलतापूर्वक भुगतान होने पर स्क्रीन पर Successfully Received का संदेश दिखाई देगा। इसमें चालान नंबर, वाहन नंबर और भुगतान से संबंधित विवरण उपलब्ध रहेगा। पेज को नीचे स्क्रॉल करने पर Generate/Print Receipt का विकल्प मिलेगा। इस पर क्लिक कर भुगतान की रसीद डाउनलोड कर लें या उसका स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखें।

फर्जी लिंक और वेबसाइट से रहें सावधान
यातायात पुलिस दुर्ग ने वाहन चालकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ई-चालान का भुगतान केवल परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही करें। किसी अन्य वेबसाइट से भुगतान न करें। इसके अलावा व्हाट्सऐप मैसेज, फर्जी लिंक, अनजान कॉल या संदिग्ध संदेशों में दिए गए लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी के साथ अपनी बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी साझा करें।

28 नवंबर को होगा जीवनदाता परिवार सम्मान 2026

यातायात पुलिस की वाहन चालकों से अपील
यातायात पुलिस दुर्ग ने सभी वाहन चालकों से समय-समय पर अपने वाहन के ई-चालान की स्थिति जांचने और लंबित चालानों का निर्धारित समय पर भुगतान करने की अपील की है। साथ ही भुगतान के बाद रसीद सुरक्षित रखने की सलाह दी है, ताकि भविष्य में जरूरत पडऩे पर भुगतान का प्रमाण प्रस्तुत किया जा सके।