पेपर लीक पर सियासी संग्राम: दीपक बैज ने उठाए BJP कनेक्शन के सवाल, शिक्षा मंत्री बोले- लीक हुआ ही नहीं

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बोर्ड रिजल्ट से पहले कथित पेपर लीक मुद्दे पर सियासत गरमा गई है। PCC चीफ दीपक बैज ने सरकार पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि, जब पुलिस एफआईआर दर्ज कर चुकी है, तो शिक्षा मंत्री द्वारा पेपर लीक से इनकार करना विरोधाभासी है। उन्होंने पूछा कि, सरकार आखिर किसे बचाने की कोशिश कर रही है और क्या इस मामले में राजनीतिक कनेक्शन की जांच होगी?

दीपक बैज ने आरोप लगाया कि, सरकार और शिक्षा विभाग के बयानों में स्पष्टता नहीं है। उनके मुताबिक एक ओर जांच की बात हो रही है, दूसरी ओर लीक की घटना से ही इनकार किया जा रहा है, जिससे संदेह और बढ़ रहा है। वहीं शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने पेपर लीक के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई और विरोध राजनीति से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि, छात्रों और अभिभावकों को भ्रमित करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।

बैज ने इस मुद्दे के साथ राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और पेंशन भुगतान, धान प्रबंधन तथा प्रशासनिक फैसलों को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने सुशासन तिहार को भी “प्रोपेगेंडा” करार दिया। इधर, पेपर लीक विवाद को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज होने से मामला और गरमा गया है। अब नजर इस बात पर है कि, जांच में क्या सामने आता है और सरकार विपक्ष के आरोपों का आगे कैसे जवाब देती है। फिलहाल बोर्ड परिणाम से पहले यह मुद्दा राजनीतिक बहस का बड़ा केंद्र बन गया है।