कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की अंजू यादव ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाते हुए मिसेज इंडिया 2026 का खिताब अपने नाम किया है। उन्होंने जील एंटरटेनमेंट की ओर से आयोजित प्रतिष्ठित लारियल मिस, मिसेज व मिस्टर इंडिया प्रतियोगिता के सातवें सीजन में मिसेज श्रेणी में प्रथम स्थान हासिल किया।
दुर्ग के पृथ्वी पैलेस में आयोजित ग्रैंड फिनाले में देश के अलग-अलग राज्यों से आए प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच अंजू ने अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, प्रतिभा और शानदार मंचीय प्रदर्शन से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया और विजेता का ताज हासिल किया।
समारोह में बॉलीवुड और टेलीविजन अभिनेता राना रुसाद ने अंजू को विजेता का ताज पहनाकर सम्मानित किया। गृहिणी की जिम्मेदारियां निभाने के साथ मॉडलिंग के अपने सपने को साकार करने वाली अंजू ने इस उपलब्धि का श्रेय जील एंटरटेनमेंट, आयोजक राना रुसाद, आयोजन समिति, निर्णायक मंडल और अपने परिवार को दिया। उन्होंने सभी के सहयोग और प्रोत्साहन के लिए आभार जताया।
