रायपुर। छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। प्रदेश के तीन से चार जिलों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने के संकेत हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आसमान में सामान्यतः बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
राजधानी रायपुर में भी मौसम बदला हुआ रह सकता है। यहां आसमान में बादल छाए रहने के साथ एक-दो स्थानों पर गरज-चमक और बारिश की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान रायपुर में सबसे अधिक 30.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जगदलपुर में 2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
जिलों के तापमान की बात करें तो माना एयरपोर्ट रायपुर में अधिकतम 27.6 और न्यूनतम 21.1 डिग्री, बिलासपुर में 25.8 और 21.8 डिग्री, पेंड्रा रोड में 26.6 और 17.8 डिग्री तथा अंबिकापुर में 24.6 और 19.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं जगदलपुर में अधिकतम 30.3 और न्यूनतम 21.0 डिग्री, जबकि राजनांदगांव में अधिकतम 27.0 और न्यूनतम 21.5 डिग्री सेल्सियस रहा। आगामी दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका है।
