रायपुर। छत्तीसगढ़ बोर्ड 12वीं हिंदी पेपर लीक मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इनाम घोषित किया है। सेंट्रल जोन पुलिस ने आरोपी वेणु जंघेल की सूचना देने या गिरफ्तारी में मदद करने वाले को 5,000 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। आरोपी 14 मार्च से फरार है और पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही है। मामला 12वीं हिंदी परीक्षा से जुड़ा है, जो पहले 14 मार्च को आयोजित हुई थी। पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद परीक्षा रद्द कर 10 अप्रैल को दोबारा कराई गई। इस पूरे प्रकरण के बाद पुलिस, साइबर सेल और शिक्षा विभाग की जांच तेज कर दी गई है।
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस उमेश गुप्ता की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपा हुआ है और उसकी गतिविधियां सार्वजनिक हित के लिए चिंता का विषय हो सकती हैं। इसलिए सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखते हुए इनाम देने का फैसला लिया गया है। पेपर लीक विवाद तब बढ़ा जब सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप ग्रुपों में परीक्षा से पहले सवाल वायरल होने के दावे किए गए। मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद जांच जारी है। छात्र संगठन NSUI ने भी निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था।
