धान घोटाला: खरीदी केंद्र प्रभारी के घर पुलिस का छापा, 16 लाख नकद, दस्तावेज और कंप्यूटर जब्त

Follow Us

कवर्धा। कबीरधाम जिले में सामने आए कथित धान घोटाले की जांच लगातार तेज हो रही है। धान उपार्जन केंद्रों से धान गायब होने के मामले में पुलिस अब तक 6 एफआईआर दर्ज कर चुकी है। जांच के तहत पुलिस आरोपियों के घरों और कार्यालयों में लगातार छापेमारी कर अहम साक्ष्य जुटा रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को पुलिस ने लोहारा धान उपार्जन केंद्र के प्रभारी गंगादास मानिकपुरी के घर और कार्यालय में दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस ने 16 लाख रुपये नकद, बैंक पासबुक, कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और कार्यालय में रखा कंप्यूटर जब्त किया है। जब्त सामग्री को जांच का हिस्सा बनाया गया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, धान घोटाले से जुड़े अन्य नामजद आरोपियों के घरों और कार्यालयों में भी जल्द इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। वहीं फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है। जिले में धान घोटाले की जांच तेज होने से संबंधित विभागों और आरोपियों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।