MP-CG को जोड़ने वाली नई लाइफलाइन: जबलपुर से चिल्पी तक बनेगा फोरलेन हाईवे, सफर होगा तेज और सुरक्षित

Follow Us

भोपाल। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच सड़क संपर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर जबलपुर–मंडला–चिल्पी फोरलेन परियोजना की डीपीआर तैयार की जा रही है, जिससे दोनों राज्यों के बीच आवागमन और माल परिवहन को नई रफ्तार मिलेगी। करीब 160 किलोमीटर लंबे इस मार्ग को मौजूदा 2-लेन सड़क से आधुनिक 4-लेन कॉरिडोर में बदला जाएगा। यह महत्वाकांक्षी परियोजना प्रयागराज–जबलपुर–रायपुर कॉरिडोर का अहम हिस्सा मानी जा रही है। सरकार का उद्देश्य सड़क सुरक्षा बढ़ाने, यात्रा समय कम करने और क्षेत्रीय विकास को गति देना है।

परियोजना में नाग घाट, भवाल घाट और चिल्पी घाट जैसे खतरनाक मोड़ों को सुरक्षित बनाया जाएगा। साथ ही दुर्घटना संभावित ब्लैकस्पॉट्स को खत्म करने की योजना है। चूंकि यह मार्ग कान्हा टाइगर रिजर्व क्षेत्र से होकर गुजरता है, इसलिए वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एनिमल अंडरपास और वाइल्डलाइफ क्रॉसिंग भी विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा बीजाडांडी और बिछिया क्षेत्र में बायपास और फ्लाईओवर निर्माण का प्रस्ताव भी शामिल है। फोरलेन बनने के बाद भेड़ाघाट, धुआंधार जलप्रपात और कान्हा नेशनल पार्क जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान हो जाएगी। सरकार का मानना है कि, यह परियोजना न केवल पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा देगी, बल्कि मध्यभारत में सड़क परिवहन की नई लाइफलाइन साबित होगी।