रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज री-नीट 2026 परीक्षा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रदेशभर में करीब 45 हजार अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के लिए राज्य में 127 केंद्र बनाए गए हैं, जबकि राजधानी रायपुर में 25 परीक्षा केंद्रों पर छात्र परीक्षा देंगे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों की एंट्री दोपहर 1:30 बजे तक ही होगी। सुबह 11 बजे से केंद्रों पर रिपोर्टिंग, बायोमेट्रिक जांच और सुरक्षा जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, निगरानी व्यवस्था और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
इस बार परीक्षा में छात्रों को 15 मिनट अतिरिक्त समय मिलेगा। वहीं दिव्यांग अभ्यर्थियों को 65 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। प्रशासन ने छात्रों को एडमिट कार्ड, फोटो पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेज साथ लाने की सलाह दी है। रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन ने अभिभावकों और छात्रों से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में शामिल हों।
