अमित जोगी के खिलाफ भाजपा ने की FIR की मांग, 24 घंटे में कार्रवाई का अल्टीमेटम

Follow Us

रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी की ओर से सोशल मीडिया पर साझा किए गए कथित आपत्तिजनक वीडियो को लेकर राजनीतिक विवाद बढ़ गया है। भारतीय जनता पार्टी ने इस मामले में अमित जोगी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी।

शिकायत में वीडियो बनाने, उसकी पटकथा तैयार करने और सोशल मीडिया पर प्रसारित करने से जुड़े लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। इस दौरान राजेश मूणत ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से संबंधित इस तरह का वीडियो तैयार कर साझा करना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के बीच विचारों और सिद्धांतों को लेकर मतभेद हो सकते हैं, लेकिन विरोध दर्ज कराने की भी एक मर्यादा होनी चाहिए। मूणत ने आरोप लगाया कि वीडियो में बेडरूम के दृश्यों के माध्यम से चरित्र हनन का प्रयास किया गया है।

भाजपा नेताओं ने पुलिस से 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करने की मांग की है। विधायक मूणत ने चेतावनी दी कि तय समय में कार्रवाई नहीं होने पर भाजपा कार्यकर्ता दोबारा थाने पहुंचकर विरोध दर्ज कराएंगे। शिकायत के बाद इस वीडियो को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति में विवाद और बढ़ गया है।