जगदलपुर। बस्तर ओलम्पिक 2026 के आयोजन को बेहतर और व्यवस्थित बनाने के लिए कमिश्नर डोमन सिंह ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने संभाग के जिला खेल अधिकारियों और संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलम्पिक स्थानीय युवाओं की खेल प्रतिभा को सामने लाने और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच है, इसलिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें।
कमिश्नर ने विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं के दौरान बारिश की संभावना को देखते हुए मैदान, खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, पेयजल और परिवहन की समुचित व्यवस्था करने पर जोर दिया। साथ ही जिला स्तरीय प्रतियोगिता की तैयारियां भी अभी से प्राथमिकता के साथ पूरी करने को कहा, ताकि खिलाड़ियों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने अधिक से अधिक भागीदारी के लिए खेल संघों का सहयोग लेने और राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल कर चुके खिलाड़ियों को आयोजन से जोड़ने के निर्देश भी दिए, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को प्रेरणा मिल सके।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और अन्य जनप्रतिनिधियों को भी आयोजन में आमंत्रित करने की बात कही। खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक प्रतियोगिता स्थल पर दवाइयां, एंबुलेंस और चिकित्सा दल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। किसी खिलाड़ी के चोटिल होने या स्वास्थ्य संबंधी परेशानी की स्थिति में तत्काल उपचार और जरूरत पड़ने पर उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर करने की व्यवस्था रखने को कहा।
कमिश्नर डोमन सिंह ने मैदान, खेल सामग्री, आवास, भोजन, पेयजल, परिवहन और चिकित्सा सुविधाओं सहित प्रत्येक व्यवस्था के लिए अलग-अलग अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित निगरानी और आपसी समन्वय के साथ कमियों को तत्काल दूर करने पर जोर दिया, ताकि बस्तर ओलम्पिक का आयोजन सुरक्षित, सुचारू और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
