छत्तीसगढ़ को फिल्म शूटिंग का प्रमुख केंद्र बनाने की तैयारी, फिल्म नीति के नवीनीकरण पर हुई चर्चा

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। 4 नवंबर को हुई इस बैठक में प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं, फिल्म नीति के नवीनीकरण और शूटिंग के लिए उपयुक्त स्थलों को प्रोत्साहित करने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

मुख्य सचिव विकासशील ने कहा कि छत्तीसगढ़ में फिल्म शूटिंग की व्यापक संभावनाएं हैं। यहां की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और विविध पर्यटन स्थलों को फिल्म निर्माताओं के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की जरूरत है। उन्होंने अधिकारियों को प्रदेश में शूटिंग के लिए संभावनाशील स्थानों की पहचान करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रस्तावित चित्रोत्पला फिल्म सिटी की संभावनाओं और राज्य की फिल्म नीति को अधिक प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई।

मुख्य सचिव ने कहा कि फिल्म निर्माण गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इसके अलावा निफ्टेम के प्रस्तावित भ्रमण, खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में प्रशिक्षण और तकनीकी सुविधाओं के विस्तार पर भी चर्चा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के सचिवों और वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।