कवर्धा में योग का महाकुंभ: डिप्टी सीएम शर्मा ने कहा- ऋषि-मुनियों की अमूल्य विरासत को जीवन में अपनाएं

Follow Us

कवर्धा। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कवर्धा के पीजी कॉलेज डोम में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और बड़ी संख्या में लोगों के साथ योग किया। अपने संबोधन में डिप्टी सीएम ने कहा कि, योग भारत के ऋषि-मुनियों की हजारों साल पुरानी अमूल्य विरासत है, जो आज पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा दे रही है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि निरोगी शरीर और शांत मन का आधार है। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। योग प्रशिक्षकों ने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन, प्राणायाम सहित कई योग आसनों का अभ्यास कराया और उनके स्वास्थ्य लाभ बताए।डिप्टी सीएम ने कहा कि, योग की शक्ति आज विश्व स्तर पर स्वीकार की जा चुकी है और यह भारतीय संस्कृति की पहचान बन गई है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ और संतुलित जीवन अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।