रायपुर। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने अब पूरे छत्तीसगढ़ को कवर कर लिया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। आने वाले 7 दिनों तक कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने के आसार जताए गए हैं। पिछले 24 घंटों में सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई है। राजधानी रायपुर में मंगलवार को सुबह से बादल छाए रहे और दोपहर में उमस के बाद हल्की बूंदाबांदी हुई। बुधवार को भी मौसम का यही मिजाज बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 36°C और न्यूनतम तापमान पेंड्रा में 23.2°C रिकॉर्ड किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि दक्षिण बांग्लादेश और उत्तर बंगाल की खाड़ी के ऊपर ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जो आगे चलकर एक निम्न दबाव क्षेत्र में बदल सकता है। इसके प्रभाव से 3 जुलाई से रायपुर सहित मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है, जिसमें कुसमी में 9 सेमी, पखांजूर में 7 सेमी, चंद्रपुर, मर्दापाल, गिधौरी और टुंड्रा में 5-5 सेमी बारिश शामिल है। इसके अलावा शिवरीनारायण, कोटा और दंतेवाड़ा समेत कई इलाकों में भी मध्यम वर्षा हुई। राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने के साथ तेज हवाएं और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 34°C और न्यूनतम तापमान 26°C के आसपास रह सकता है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अगले 3 घंटों में बलरामपुर, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, कांकेर, कोंडागांव, कोरबा, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, मुंगेली, नारायणपुर, रायगढ़, सूरजपुर और सरगुजा में बिजली गिरने, तेज हवा चलने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
