सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा शिविर, जिला प्रशासन ने युवाओं और आम नागरिकों से की रक्तदान की अपील
सारंगढ़-बिलाईगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में 17 सितंबर को विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह शिविर जिला चिकित्सालय सारंगढ़, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलाईगढ़ और बरमकेला में लगाया जाएगा। तीनों केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक लोग रक्तदान कर सकेंगे।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग ने शिविर को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों और गंभीर मरीजों के लिए पर्याप्त मात्रा में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
डिजिटल अरेस्ट से फर्जी निवेश तक, पलारी पुलिस ने लोगों को साइबर ठगी से बचने के बताए तरीके
‘रक्तदान करें-जीवन बचाएं’ का दिया संदेश
सीएमएचओ डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव ने ‘रक्तदान करें-जीवन बचाएं’ और ‘सुरक्षित रक्त, सुरक्षित जीवन’ के संदेश के साथ जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महत्वपूर्ण मानवीय सेवा है और समय पर उपलब्ध रक्त किसी जरूरतमंद मरीज का जीवन बचाने में अहम भूमिका निभा सकता है।
युवाओं और आम नागरिकों से आगे आने की अपील
जिला प्रशासन ने जिले के युवाओं, समाजसेवियों, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों से रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी से रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सकेगा।
रक्तदान शिविर के प्रमुख केंद्र:
जिला चिकित्सालय, सारंगढ़
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बिलाईगढ़
बरमकेला
समय: सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक
तारीख: 17 सितंबर
