रायपुर। कलेक्टोरेट परिसर में शनिवार सुबह चौकीदार का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 50 वर्षीय दिनेश कुमार पटेल के रूप में हुई है, जो कलेक्टोरेट में चौकीदार के पद पर तैनात थे। घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार, सुबह कलेक्टोरेट पहुंचे लोगों ने परिसर की सीढ़ियों के पास दिनेश पटेल का शव देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जानकारी में मृतक पर 20 लाख रुपये से अधिक का कर्ज होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि वे आर्थिक परेशानियों से गुजर रहे थे। हालांकि, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। सिविल लाइन थाना प्रभारी यामन देवांगन के अनुसार, मृतक की पहचान दिनेश कुमार पटेल, पिता प्रभु राम पटेल, निवासी श्री साईं नगर, बोरियाखुर्द, आरडीए कॉलोनी, थाना टिकरापारा के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
