०कन्हैया तिवारी गरियाबंद
गरियाबंद । जिले में नक्सल गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मैनपुर थाना क्षेत्र के राजाडेरा जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए 21 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। इस मामले में दो महिलाओं समेत तीन आत्मसमर्पित नक्सलियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, तीनों पूर्व नक्सली राजाडेरा जंगल में नक्सलियों द्वारा पहले से छिपाकर रखी गई रकम निकालने पहुंचे थे। वे जमीन में डंप किए गए 21 लाख रुपये निकालकर वहां से लौट रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मैनपुर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से डंप से निकाली गई 21 लाख रुपये की नकदी जब्त की है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह रकम किस उद्देश्य से छिपाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।मामले को लेकर पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है। इस कार्रवाई को नक्सल नेटवर्क से जुड़ी आर्थिक गतिविधियों के खिलाफ अहम सफलता माना जा रहा है।
