रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस और राज्योत्सव 2026 के अवसर पर दिए जाने वाले राज्य अलंकरण पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है। संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने रविवार को महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चयनित व्यक्तियों और संस्थाओं के नामों की जानकारी दी। इस बार सामाजिक सेवा, साहित्य, पत्रकारिता, कला-संस्कृति, खेल, कृषि, चिकित्सा, महिला सशक्तिकरण और आदिवासी उत्थान सहित विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
कला और संस्कृति के क्षेत्र में हबीब तनवीर सम्मान के लिए डॉ. पुरुषोत्तम चन्द्राकर, चक्रधर सम्मान के लिए डॉ. एम. श्रीराम मूर्ति और किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण के लिए मोहन सुंदरानी का चयन किया गया है। हिंदी साहित्य के क्षेत्र में डॉ. बिहारीलाल साहू तथा पंडित माधवराव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान के लिए वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक अनंत विजय को चुना गया है।
पत्रकारिता के क्षेत्र में चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पुरस्कार के तहत हिंदी प्रिंट मीडिया श्रेणी में प्रमोद कुमार साहू और हिंदी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया श्रेणी में वरुण सखाजी एवं रसिका पांडेय को सम्मानित किया जाएगा। अंग्रेजी प्रिंट मीडिया के मधुकर खेर स्मृति पुरस्कार के लिए शिशिर रॉय चौधरी का चयन हुआ है। सामाजिक एवं जनकल्याण के क्षेत्र में डुमन लाल ध्रुव को शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति सम्मान और सुखचंद भास्कर को गुरु घासीदास सम्मान दिया जाएगा। खेल के क्षेत्र में संजू देवी और तीरंदाजी में टोमन कुमार को सम्मानित किया जाएगा।
अन्य क्षेत्रों में कृषि के लिए पुन्नीदास भट्ट, आयुर्वेद के लिए डॉ. दिनेश कुमार नाग, अपराध अनुसंधान के लिए उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार ध्रुव और ग्रामीण पर्यटन के लिए सत्येन्द्र कुमार उपाध्याय ‘सनी’ का चयन किया गया है।
इस वर्ष पुरस्कारों में दो नए सम्मान भी जोड़े गए हैं। प्रसिद्ध पंडवानी गायिका स्वर्गीय तीजन बाई और संत रविदास के नाम पर पहली बार सम्मान प्रदान किए जाएंगे। पिछले वर्ष 34 श्रेणियों में पुरस्कार दिए गए थे, जबकि इस बार पुरस्कारों की संख्या बढ़ाकर 41 कर दी गई है। राज्योत्सव के दौरान आयोजित समारोह में चयनित प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
