कबीरधाम में घर से गांजा बेचने का मामला, 250 ग्राम मादक पदार्थ के साथ 45 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

कबीरधाम। जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर कार्रवाई करते हुए पिपरिया पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह अपने घर में गांजा रखकर उसकी बिक्री कर रहा था। पुलिस ने तलाशी के दौरान 250 ग्राम गांजा और बिक्री से मिली 350 रुपये की नकदी बरामद की। जब्त सामग्री की कुल कीमत 12,850 रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, 30 अक्टूबर की रात सूचना मिली थी कि ग्राम पिपरिया निवासी रज्जू जायसवाल (45) अपने घर से गांजे की बिक्री कर रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और नियमानुसार मकान की तलाशी ली। इस दौरान पीले रंग के बैग में रखी पॉलीथीन से गांजा और नकदी बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पिपरिया थाने में अपराध क्रमांक 348/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(ए) के तहत कार्रवाई की। आरोपी को 31 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया गया। मामले की आगे जांच जारी है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नितिन तिवारी के नेतृत्व में की गई।