महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को बड़ी सफलता मिली है। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में की गई संयुक्त कार्रवाई में टीम ने एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1.14 करोड़ रुपये बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, तस्करों ने गांजा को बेहद शातिर तरीके से छिपाया था। उन्होंने सब्जियों के खाली प्लास्टिक कैरेट के पीछे बोरियों में भरकर गांजा रखा था, ताकि जांच के दौरान किसी को शक न हो। यह खेप ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाई जा रही थी।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि, एक पिकअप वाहन (MH16CD8741) में नशीला पदार्थ छिपाकर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने एनएच-53 पर गनियारीपाली गांव के पास सिल्की ढाबा के सामने नाकेबंदी की और वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान डाले में छिपाकर रखा गया करीब 226.600 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है, जिनकी पहचान अजिनाथ आश्रु जाधव (28) और अक्षय बारुक (32) के रूप में हुई है। दोनों महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजा को ओडिशा के बालिगुड़ा से लेकर महाराष्ट्र पहुंचाने जा रहे थे। पुलिस ने गांजा, पिकअप वाहन और तीन मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
