आरंग। क्षेत्र में अवैध रेत खनन के खिलाफ रायपुर खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 ओवरलोड हाइवा वाहनों को जब्त किया है। महानदी से अवैध उत्खनन और परिवहन की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने देर रात ग्राम रानीसागर के पास नाकेबंदी कर यह कार्रवाई की। जानकारी के मुताबिक, खनिज विभाग को लंबे समय से रात के अंधेरे में रेत तस्करी की सूचना मिल रही थी। इसके बाद खनिज निरीक्षकों की टीम ने आरंग-खरोरा मुख्य मार्ग पर निगरानी बढ़ाई। जैसे ही रेत से भरे भारी वाहन वहां पहुंचे, टीम ने उन्हें रोककर दस्तावेजों की जांच की।
चालक वैध रॉयल्टी रसीद और परिवहन पास प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद सभी 14 हाइवा जब्त कर लिए गए। जब्त वाहनों को खरोरा थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। प्रशासन अब वाहन मालिकों और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। खनिज विभाग ने बताया कि पिछले 15 दिनों से “ऑपरेशन क्लीन” चलाया जा रहा है, जिसके तहत अवैध उत्खनन, परिवहन और रेत भंडारण पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बेतरतीब खनन से महानदी का स्वरूप बिगड़ रहा था और भारी वाहनों से सड़कें भी खराब हो रही थीं। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में राहत और संतोष का माहौल देखा जा रहा है।
