कांकेर पुलिस का बड़ा एक्शन! 447 किलो गांजा के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 2.48 करोड़ का माल जब्त

Follow Us

300 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर 48 घंटे में आरोपी तक पहुंची पुलिस, फॉर्च्यूनर कार में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर करता था गांजे की तस्करी

कांकेर। उत्तर बस्तर कांकेर में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम देते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का पर्दाफाश किया है। पुलिस की घेराबंदी तोड़कर फरार हुए शातिर तस्कर को सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे और उससे जुड़े ठिकाने से 447 किलो 720 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। तस्करी में इस्तेमाल फॉर्च्यूनर कार, छह फर्जी नंबर प्लेट और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 2 करोड़ 48 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू एवं एसडीओपी हरीश पाटील के मार्गदर्शन में जिले में ‘उजियार अभियान’ के तहत अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में 4 नवंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फॉर्च्यूनर कार क्रमांक HR 70 F 9170 में भारी मात्रा में गांजा भरकर जगदलपुर से कांकेर की ओर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गढ़पिछवाड़ी चौक बायपास रोड पर घेराबंदी कर नाकेबंदी की। करीब एक घंटे बाद संदिग्ध फॉर्च्यूनर कार वहां पहुंची, लेकिन पुलिस को देखते ही चालक ने तेज रफ्तार से घेराबंदी तोड़ दी और कांकेर शहर की ओर फरार हो गया।

पुलिस ने तत्काल माकड़ी पुलिया और ज्ञानी चौक पर नाकेबंदी कर शहर की गलियों और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान ग्राम सिंगारभाट राईसमीलपारा स्थित शिव मंदिर के पास जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में भूरे रंग के टेप से लिपटे पैकेटों का ढेर मिला। गवाहों की मौजूदगी में जांच और तौल करने पर 90 पैकेटों में कुल 447.720 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

धान खरीदी के नए नियमों पर कांग्रेस का हमला, दीपक बैज बोले- किसानों को परेशान कर रही भाजपा सरकार

300 से अधिक CCTV कैमरे खंगाले, 48 घंटे में तस्कर गिरफ्तार
घटना के बाद आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था और मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गया था। ऐसे में पुलिस के सामने आरोपी तक पहुंचना बड़ी चुनौती थी। पुलिस और साइबर सेल की टीम ने हार नहीं मानी। शहर और आसपास के क्षेत्रों के 300 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश तेज की गई। आखिरकार लगातार पीछा और पतासाजी के बाद पुलिस ने 48 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया।

ओडिशा से गांजा लाकर हरियाणा में खपाने की थी योजना
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुखपाल उर्फ सुक्खा (30 वर्ष), निवासी स्वामी नगर, वार्ड क्रमांक 08, पुराना वाटर वर्क्स के पास, थाना हुड्डा सिटी, जिला फतेहाबाद, हरियाणा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने ओडिशा से गांजा खरीदकर हरियाणा ले जाकर खपाने की योजना का खुलासा किया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 390/2026, धारा 20(B)II(C) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर 7 नवंबर को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।

जब्ती का पूरा विवरण

– 447.720 किलोग्राम गांजा – कीमत 2 करोड़ 23 लाख 50 हजार रुपये।
– फॉर्च्यूनर कार – कीमत 25 लाख रुपये।
– छह वाहन नंबर प्लेट।
– एक रियलमी मोबाइल फोन – कीमत करीब 10 हजार रुपये।

कुल जब्ती की कीमत 2 करोड़ 48 लाख 60 हजार रुपये।

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने दीपावली पर्व की प्रदेशवासियों को दी बधाई,शुभकामनाएं

इस बड़ी कार्रवाई में निरीक्षक जितेन्द्र साहू, उपनिरीक्षक मनोरथ जोशी, रामेश्वर चतुर्वेदी, पीएसआई लता सिंह, सउनि भीखम साहू सहित थाना सिटी कोतवाली के अधिकारी-कर्मचारियों और साइबर सेल कांकेर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।