11 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी सम्मानित, स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में तीन शहरों का चयन; सफाई मित्रों की मेहनत और जनभागीदारी को मिलेगी पहचान
रायपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत प्रदेश के तीन शहरों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन किया गया है। आगामी 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इन तीनों शहरों को सम्मानित करेंगी। यह उपलब्धि प्रदेश में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों, सफाई मित्रों के समर्पण और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी का परिणाम है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए तीनों शहरों के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों और सफाई मित्रों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के हाथों छत्तीसगढ़ के तीन शहरों का सम्मानित होना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। यह सम्मान उन हजारों सफाई मित्रों के परिश्रम और जागरूक नागरिकों की सहभागिता का भी सम्मान है, जिन्होंने स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझकर इस अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान ने देश में स्वच्छता के प्रति नई चेतना जागृत की है। आज स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से संचालित व्यापक जनआंदोलन बन चुकी है। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के प्रत्येक शहर में बेहतर स्वच्छता व्यवस्था विकसित हो और नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिले।
केंद्रीय मंत्रालय ने पत्र भेजकर दी चयन की जानकारी
केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने राज्य सरकार को पत्र भेजकर रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा के राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन की औपचारिक जानकारी दी है। मंत्रालय के सचिव सतेंद्र सिंह ने प्रदेश में संचालित स्वच्छता गतिविधियों और नागरिक सहभागिता की सराहना की है। मंत्रालय के पत्र में स्वच्छ भारत के लक्ष्यों को प्राप्त करने में नागरिकों की भागीदारी और नगरीय निकायों के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया गया है। स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में प्रदेश के तीन शहरों का चयन अन्य नगरीय निकायों के लिए भी प्रेरणादायक होगा।
पटवारियों की हड़ताल से धान खरीदी की तैयारी प्रभावित, किसानों की बढ़ी परेशानी : कांग्रेस
बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ थीम को मिली मजबूती
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल – बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ रखी गई है। यह थीम स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी, जनजागरूकता और नागरिक सहभागिता के महत्व को रेखांकित करती है। रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का चयन प्रशासनिक प्रयासों के साथ आम नागरिकों के सहयोग की अहमियत को भी दर्शाता है। शहरों में नियमित साफ-सफाई, जागरूकता अभियान और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने में नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा सफाई मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
राष्ट्रीय समारोह में सफाई मित्रों को मिलेगा विशेष महत्व
नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय सम्मान समारोह में सफाई मित्रों और मैदानी कर्मचारियों के योगदान को विशेष महत्व दिया जाएगा। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने राज्य तथा चयनित शहरों के प्रतिनिधिमंडलों में सफाई मित्रों, स्वच्छता निरीक्षकों, पर्यवेक्षकों, अभियंताओं और स्वच्छता मिशन से जुड़े प्रतिनिधियों को शामिल करने के लिए आमंत्रित किया है।
प्रत्येक पुरस्कार प्राप्त शहर से चार प्रतिनिधियों को मंच पर सम्मान ग्रहण करने का अवसर मिलेगा। समारोह में केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल तथा केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित रहेंगे।
दीपावली की छुट्टियों में मेकाहारा की ओपीडी दो दिन बंद, इमरजेंसी में मिलेगा ईलाज
स्वच्छता केवल पुरस्कार नहीं, बेहतर जीवन का संकल्प : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी प्रतियोगिता या सर्वेक्षण में बेहतर स्थान प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नागरिकों के स्वास्थ्य, सम्मान और जीवन की गुणवत्ता से जुड़ा विषय है। स्वच्छ शहरों में नागरिकों को बेहतर वातावरण मिलता है और स्वस्थ समाज के निर्माण का आधार मजबूत होता है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता की जिम्मेदारी केवल नगरीय निकायों या सफाई कर्मचारियों की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की है। जब लोग अपने घर, मोहल्ले, बाजार और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता के प्रति जागरूक होते हैं, तभी स्वच्छता के प्रयास स्थायी और प्रभावी बनते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा की उपलब्धि से पूरे प्रदेश को नई प्रेरणा मिली है। सरकार की प्राथमिकता है कि बड़े शहरों के साथ छोटे नगरीय निकायों में भी स्वच्छता व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाया जाए।
तीन शहरों की सफलता अन्य नगरीय निकायों के लिए बनेगी प्रेरणा : अरुण साव
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन और विकास मंत्री अरुण साव ने तीनों शहरों के राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगरीय निकायों की टीमों, जनप्रतिनिधियों, सफाई मित्रों और नागरिकों को बधाई दी है।उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में प्रदेश के तीन शहरों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन नगरीय प्रशासन के लिए उत्साहवर्धक उपलब्धि है। यह सफलता स्थानीय निकायों की सक्रियता, सफाई मित्रों की मेहनत और नागरिकों के सहयोग का परिणाम है।उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि स्वच्छता किसी विशेष अभियान या सर्वेक्षण तक सीमित न रहे, बल्कि शहरों की नियमित कार्यसंस्कृति और नागरिकों की दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बने। उन्होंने विश्वास जताया कि तीनों शहरों को मिलने वाला राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
दीपावली का पर्व हर घर में सुख-समृद्धि, खुशहाली और नई उम्मीदों का प्रकाश लेकर आए : मुख्यमंत्री साय
स्वच्छ और विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में नई पहल
रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन प्रदेश की शहरी स्वच्छता व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे सफाई मित्रों के योगदान को राष्ट्रीय पहचान मिलने के साथ ही अन्य नगरीय निकायों में भी बेहतर प्रदर्शन की भावना को बल मिलेगा। स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता, नागरिक सहभागिता और सफाई मित्रों के समर्पण को केंद्र में रखते हुए छत्तीसगढ़ स्वच्छ, स्वस्थ और सुविधाजनक शहरों के निर्माण की दिशा में आगे बढऩे के लिए संकल्पित है।
