रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने देशभर में फैले नेटवर्क पर कार्रवाई तेज कर दी है। जांच एजेंसी ने छह राज्यों में एक साथ 33 ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई महादेव सट्टा नेटवर्क के प्रमुख प्रवर्तक सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर की गई। छापेमारी में मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं। कई स्थानों पर संचालित ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के पैनल भी बंद कराए गए। सीबीआई की जांच में सामने आया है कि सट्टे की रकम के लेन-देन के लिए दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए बैंक खातों का इस्तेमाल किया जाता था। जांच एजेंसी को हवाला नेटवर्क के जरिए रकम के हस्तांतरण के भी साक्ष्य मिले हैं।
जांच के अनुसार, महादेव ऑनलाइन बुक का मुख्य संचालन विदेश से किया जाता था, जबकि भारत में स्थानीय पैनल संचालकों के जरिए नेटवर्क फैलाया गया था। ये संचालक ग्राहकों को आईडी उपलब्ध कराने और पैसों के लेन-देन का प्रबंधन करते थे। महादेव सट्टा मामले के प्रमुख प्रवर्तक सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाए जाने के बाद CBI ने 1 नवंबर को गिरफ्तार किया था। 12 नवंबर को अदालत में पेशी के बाद उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
फिलहाल CBI नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों, विदेश में मौजूद संदिग्धों और कथित तौर पर सहयोग करने वाले सरकारी अधिकारियों की भूमिका की जांच कर रही है। जब्त डिजिटल उपकरणों और दस्तावेजों की जांच के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना है।
