धरसीवां। छत्तीसगढ़ के सिलतरा स्थित SKS इस्पात एंड पावर लिमिटेड में हुए हादसे में 23 वर्षीय कर्मचारी जामवंत वर्मा की मौत हो गई। भाई दूज के दिन हुए इस हादसे से परिवार में मातम छा गया। मृतक अपनी दो बहनों का इकलौता भाई और माता-पिता का एकमात्र सहारा था। जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में काम करने के दौरान जामवंत आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना से नाराज ग्रामीण बुधवार सुबह करीब 6 बजे बड़ी संख्या में फैक्ट्री के मुख्य गेट पर पहुंच गए और प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है। इसके अलावा दोनों बहनों की पढ़ाई और शादी का पूरा खर्च उठाने तथा माता-पिता के लिए पेंशन की व्यवस्था करने की मांग भी रखी है। फिलहाल फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से मांगों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मौके पर पुलिस बल तैनात है और ग्रामीणों का प्रदर्शन जारी है।
