कवर्धा। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने मंगलवार को कबीरधाम जिले के कवर्धा शहर के हटरी पारा में महर्षि कश्यप चौक और उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। करीब 9 लाख 75 हजार रुपये की लागत से निर्मित चौक का लोकार्पण करने से पहले उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर महर्षि कश्यप का स्मरण किया। इस अवसर पर कसौधन गुप्ता समाज के प्रतिनिधियों और सदस्यों ने उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित करने का उद्देश्य केवल उनका स्मरण करना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को उनके जीवन, संघर्ष और आदर्शों से प्रेरित करना भी है। युवाओं को महापुरुषों के जीवन मूल्यों का अध्ययन कर उन्हें अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि कवर्धा में छत्रपति शिवाजी महाराज और अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाएं भी इसी उद्देश्य से स्थापित की गई हैं। शहर में अन्य महापुरुषों की प्रतिमाएं भी स्थापित की जाएंगी।
उप मुख्यमंत्री ने कवर्धा में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि डीएफओ कार्यालय के सामने चौपाटी शुरू हो चुकी है और हनुमंत वाटिका को नगरवासियों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। पुराने काष्ठागार परिसर में शिव वाटिका बनाई जाएगी। बूढ़ा महादेव मंदिर के विस्तार और भव्य निर्माण की योजना पर भी काम किया जा रहा है। विंध्यवासिनी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रवेश व्यवस्था विकसित करने के साथ परिसर में विशाल हॉल का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं, भोरमदेव मंदिर परिसर में कॉरिडोर निर्माण के लिए केंद्र सरकार से 146 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं और निर्माण कार्य जारी है।
उन्होंने बताया कि कवर्धा के विकास को गति देने के लिए बिलासपुर और रायपुर मार्ग पर करीब 56 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन सड़क का निर्माण शुरू हो चुका है। प्रमुख मार्गों का उन्नयन भी किया जा रहा है। नए बस स्टैंड तक आवागमन सुगम बनाने के लिए ठाकुरदेव चौक से घोटिया रोड तक करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से सड़क बनाई गई है। पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में व्यापारिक केंद्र विकसित करने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल, देवेंद्र गुप्ता, कवर्धा शहर समाज के अध्यक्ष प्रभात गुप्ता, आत्मानंद गुप्ता, नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि और समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

