रायपुर। छत्तीसगढ़ में पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की पहल को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य को अलग-अलग श्रेणियों में कुल पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना और पीएम स्वनिधि योजना को जोड़कर शुरू किए गए ‘आरोग्य से आत्मनिर्भरता’ नवाचार को ‘इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेस’ श्रेणी में देशभर में दूसरा स्थान मिला है। इस पहल के तहत पथ विक्रेताओं और उनके परिवारों को एक ही स्थान पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, दवाइयां और ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित स्वनिधि सम्मान पुरस्कार-2026 में केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल तथा राज्य मंत्री तोखन साहू की उपस्थिति में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने अधिकारियों के साथ छत्तीसगढ़ की ओर से पुरस्कार ग्रहण किया। राज्य शहरी विकास अभिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल के अनुसार, पीएम स्वनिधि के ऋण शिविरों में पथ विक्रेताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना की मोबाइल मेडिकल यूनिट को इन शिविरों से जोड़ा गया। इसके बाद हेल्थ-कम-लोन कैंप शुरू किए गए, जहां निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, 41 प्रकार की जांच और 170 प्रकार की जेनेरिक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। साथ ही ऋण आवेदन भरने और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में भी सहायता दी गई।
इस पहल के बाद शिविरों में पथ विक्रेताओं की भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। पहले जहां एक शिविर में 50 से 60 विक्रेता पहुंचते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 120 से 150 तक हो गई है। प्रति शिविर ऋण आवेदनों की संख्या भी 20 से 25 से बढ़कर 60 से 70 तक पहुंच गई। सितंबर 2025 से अक्टूबर 2026 के बीच 31 हजार 056 मोबाइल मेडिकल यूनिट शिविरों के माध्यम से 66 हजार 959 पात्र ऋण आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 48 हजार 523 आवेदन स्वीकृत किए गए और 46 हजार 081 पथ विक्रेताओं को कुल 92 करोड़ 93 लाख रुपये का ऋण वितरित किया गया। इसमें प्रथम चरण के 32 हजार 478, दूसरे चरण के 9 हजार 110 और तीसरे चरण के 4 हजार 493 ऋण शामिल हैं।
मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत प्रदेश के 172 नगरीय निकायों में 150 मोबाइल मेडिकल यूनिट से स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं। नवंबर 2020 से अक्टूबर 2026 तक इनके माध्यम से 2 लाख 3 हजार 130 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। इस दौरान 1.41 करोड़ मरीजों का उपचार, 37.37 लाख लैब टेस्ट और 1.24 करोड़ दवाइयों का वितरण किया गया। पीएम स्वनिधि और स्लम स्वास्थ्य योजना को जोड़ने से महिला पथ विक्रेताओं की भागीदारी 45 प्रतिशत से बढ़कर 68 प्रतिशत हो गई है। निःशुल्क जांच और दवाइयों से प्रत्येक परिवार को अनुमानित 5 हजार से 7 हजार रुपये की सालाना बचत भी हो रही है।
इस पहल से पथ विक्रेताओं को स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ आर्थिक सहायता भी मिल रही है। जशपुर के पथ विक्रेता संतोष कुमार ने इसे उपयोगी बताते हुए कहा कि अब सरकार उनके द्वार तक पहुंचकर दवाइयां और आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है। मोबाइल मेडिकल यूनिट से मिले स्वास्थ्य आंकड़ों के आधार पर उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसी गैर-संचारी बीमारियों की पहचान और नियमित जांच पर भी ध्यान दिया जा रहा है। वहीं, महिला स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 17 नगरीय निकायों में 11 दाई-दीदी क्लीनिक मोबाइल मेडिकल यूनिट संचालित हैं। इनके माध्यम से 11 हजार 170 शिविरों में 6.87 लाख मरीजों का उपचार, 1.81 लाख लैब टेस्ट और 6.24 लाख दवाइयों का वितरण किया गया है। वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित रहे क्षेत्रों में भी सुरक्षित स्थानों, स्थानीय पुलिस के सहयोग, घर-घर संपर्क और स्थानीय भाषाओं में संवाद के जरिए स्वास्थ्य एवं ऋण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

