दिल्ली में गिग वर्कर्स को मिलेगी बड़ी राहत, बाजारों में बनेंगे रेस्टिंग जोन; बैठने से लेकर मोबाइल चार्जिंग तक की सुविधा

Follow Us

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में डिलीवरी पार्टनर्स और अन्य गिग वर्कर्स को राहत देने के लिए दिल्ली सरकार नई पहल करने जा रही है। इसके तहत प्रमुख बाजारों और व्यस्त इलाकों में रेस्टिंग जोन विकसित किए जाएंगे। इन केंद्रों में कामगारों के बैठने और आराम करने के साथ मोबाइल फोन चार्ज करने तथा ठंडा पानी उपलब्ध कराने जैसी सुविधाएं मिलेंगी। दिल्ली के श्रम एवं रोजगार मंत्री कपिल मिश्रा ने इस योजना को सफल बनाने के लिए फ्लिपकार्ट सहित अन्य कंपनियों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कंपनियों से गिग वर्कर्स के कल्याण और उनकी बुनियादी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सरकार की इस पहल में भागीदारी करने का आग्रह किया है। कपिल मिश्रा भारत मंडपम में फ्लिपकार्ट फाउंडेशन की ओर से आयोजित वार्षिक सम्मेलन ‘संपर्क 2026’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि गिग इकोनॉमी देश के रोजगार क्षेत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। डिलीवरी पार्टनर्स, वेयरहाउस कर्मचारियों और अन्य ग्राउंड लेवल वर्कर्स का इसमें अहम योगदान है। उन्होंने कहा कि केवल रोजगार देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि इन कामगारों और उनके परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करना भी जरूरी है। मंत्री ने बताया कि दिल्ली सरकार शालीमार बाग में गिग वर्कर्स के लिए एक मॉडल रेस्टिंग सेंटर शुरू कर चुकी है। अब इसी मॉडल को प्रमुख बाजारों और अधिक डिलीवरी वाले व्यस्त इलाकों में भी लागू करने की योजना है। सरकार इन केंद्रों के लिए जगह उपलब्ध कराने को तैयार है, जबकि कंपनियों से इनके संचालन और सुविधाओं के विकास में सहयोग मांगा गया है।

मंत्री ने गिग वर्कर्स के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कौशल विकास पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि डिलीवरी पार्टनर्स भीषण गर्मी, बारिश, जलभराव और कड़ाके की ठंड में भी लगातार काम करते हैं। कई बार उन्हें देर रात तक डिलीवरी सेवाएं देनी पड़ती हैं। ऐसे में उनके लिए बेहतर कार्य परिस्थितियां और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने कंपनियों और सामाजिक संस्थाओं से डिलीवरी पार्टनर्स को स्टोर मैनेजमेंट, वेयरहाउस संचालन और इन्वेंट्री मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण देने की अपील की। इससे उन्हें भविष्य में बेहतर रोजगार और करियर में आगे बढ़ने के अवसर मिल सकेंगे। साथ ही कामगारों के परिवारों और बच्चों की शिक्षा तथा कौशल विकास पर भी ध्यान देने की जरूरत बताई। कपिल मिश्रा ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते प्रभाव के बीच भविष्य में रोजगार पाने के लिए केवल डिग्री और प्रमाणपत्र पर्याप्त नहीं होंगे, बल्कि व्यावहारिक कौशल की अहम भूमिका होगी। बदलती तकनीक के अनुसार युवाओं और कामगारों को प्रशिक्षित करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार गिग वर्कर्स के कल्याण के लिए काम कर रही है। इस संबंध में नियोक्ताओं और कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें भी की गई हैं, ताकि उनकी समस्याओं और जरूरतों को समझकर उचित कदम उठाए जा सकें। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप गिग वर्कर्स की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रयास कर रही है।