संसद सत्र के पहले फिर तेज हुई परिसीमन की राजनीति ?- संजय सक्सेना

Follow Us

संसद के अगले सत्र को लेकर फिर चर्चाओं का दौर चल निकला है। एक तरफ पिछले सत्र का  सत्रावसान नहीं हुआ, इस बीच नए सत्र का समय आ रहा है। ये सत्र देश के राजनीतिक और संवैधानिक भविष्य की दिशा तय करने वाली एक बड़ी बहस का केंद्र भी बन सकता है। महिला आरक्षण, लोकसभा की सीटों में संभावित बढ़ोतरी और परिसीमन का सवाल एक बार फिर सत्ता पक्ष और विपक्ष को आमने-सामने खड़ा कर रहा है। इस पूरे विवाद में सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि क्या महिलाओं को संसद में 33 फीसदी प्रतिनिधित्व देने का रास्ता वास्तव में परिसीमन से होकर ही गुजरना चाहिए? या फिर महिला आरक्षण को लागू करने के लिए परिसीमन को अनिवार्य शर्त बनाना एक ऐसी राजनीतिक और संवैधानिक उलझन पैदा कर रहा है, जिसका असर देश के संघीय ढांचे पर पड़ सकता है? महिला आरक्षण का विचार किसी दल विशेष की राजनीतिक उपलब्धि नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता है। संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ना समय की मांग है। लेकिन इस ऐतिहासिक उद्देश्य को हासिल करने के नाम पर लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर 850 तक करने की संभावित योजना को बिना व्यापक सहमति के आगे बढ़ाना कई नए सवाल खड़े करता है। महिला आरक्षण और परिसीमन दो अलग-अलग विषय हैं। दोनों को एक ही राजनीतिक पैकेज में बांध देने से महिला प्रतिनिधित्व का रास्ता आसान होने के बजाय अधिक विवादास्पद हो सकता है। केंद्र सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती केवल विधेयक के लिए जरूरी संसदीय समर्थन जुटाने की बहीं है, बल्कि राज्यों के बीच राजनीतिक प्रतिनिधित्व का संतुलन बनाए रखने की भी है। परिसीमन का आधार यदि जनसंख्या वृद्धि को बनाया जाता है तो स्वाभाविक रूप से उन राज्यों को अधिक सीटें मिलेंगी, जहां पिछले दशकों में आवादी तेजी से बढ़ी है। इसके उलट दक्षिण भारत के कई राज्यों की चिंता है कि जिन राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास के मोर्चे पर बेहतर प्रदर्शन किया, कहीं उन्हें राजनीतिक प्रतिनिधित्व के मामले में इसकी कीमत तो नहीं चुकानी पड़ेगी? यह चिंता महज राजनीतिक विरोध नहीं है। तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना जैसे राज्यों का सवाल है कि जनसंख्या नियंत्रण में सफलता हासिल करने के बावजूद अगर भविष्य में संसद में उनका सापेक्ष राजनीतिक प्रभाव कम होता है तो क्या यह विकास के लिए प्रोत्साहन देने के बजाय दंडित करने जैसा नहीं होगा? भारतीय संघवाद की खूबसूरती इसी संतुलन में है कि अलग-अलग सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय परिस्थितियों वाले राज्यों को राष्ट्रीय निर्णय प्रक्रिया में सम्मानजनक भागीदारी मिले। इसलिए परिसीमन का फैसला केवल जनसंख्या के गणित से नहीं, बल्कि संघीय न्याय की कसौटी पर भी परखा जाना चाहिए। सरकार की ओर से प्रत्येक राज्य की लोकसभा सीटों में 50 फीसदी तक वृद्धि और 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच मौजूदा अनुपात बनाए रखने जैसे विकल्पों पर विचार की चर्चा इसी चिंता को दूर करने का प्रयास है। लेकिन विकल्पों पर विचार करना और उन्हें संवैधानिक रूप से स्पष्ट करना दो अलग बातें हैं। जब तक सरकार यह नहीं बताती कि सीटों का अंतिम निर्धारण किस आधार पर होगा, राज्यों के प्रतिनिधित्व का अनुपात कैसे सुरक्षित रहेगा और भविष्य में इस व्यवस्था में बदलाव की प्रक्रिया क्या होगी, तब तक आशंकाएं समाप्त नहीं होंगी। देश को केवल आश्वासन नहीं, एक स्पष्ट संवैधानिक रोडमैप चाहिए। दूसरी ओर, कांग्रेस की अगुवाई में इंडिया गठबंधन का 543 सीटों को अगले 25 वर्षों तक यथावत रखने और इसी आधार पर 2029 के लोकसभा चुनाव में महिला आरदाण लागू करने का प्रस्ताव भी बहस के केंद्र में है। विपक्ष का यह रुख सरकार की योजना के मुकाबले एक वैकल्पिक रास्ता जरूर प्रस्तुत करता है, लेकिन उसे भी अपनी दलीलों के साथ ठोस समाधान देना होगा। महिला आरक्षण को परिसीमन से अलग करके लागू करने की व्यावहारिक और संवैधानिक व्यवस्था क्या होगी, इस पर विपक्ष को स्पष्टता दिखानी चाहिए। केवल सरकार की योजना का विरोध करना पर्याप्त नहीं है। अगर विपक्ष वास्तव में महिला आरक्षण का समर्थक है तो उसे ऐसा रास्ता सामने रखना चाहिए, जिससे महिलाओं को प्रतिनिधित्व मिले और राज्यों के बीच संतुलन भी बना रहे। इस विवाद का एक और संवेदनशील पहलू परिसीमन आयोग की संरचना है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को आयोग में सदस्य के रूप में शामिल किए जाने की संभावना पर विपक्ष की आपत्ति ने इस मुद्दे को और राजनीतिक बना दिया है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर पहले से ही चुनाव आयोग और विपक्ष के बीच अविश्वास का माहौल है। ऐसे में परिसीमन जैसी व्यापक संवैधानिक प्रक्रिया में आयोग की निष्पक्षता और विश्वसनीयता को लेकर उठने वाले सवालों को हल्के में नहीं लिया जा सकता। परिसीमन केवल सीटों की सीमाएं तय करने की प्रशासनिक कवायद नहीं है, बल्कि यह तय करता है कि देश के नागरिकों की राजनीतिक आबाज संसद तक किस अनुपात में पहुंचेगी। इसलिए इस प्रक्रिया में पारदर्शिता, संस्थागत निष्पक्षता और सभी राजनीतिक दलों का भरोसा अनिवार्य होना चाहिए। सरकार को यह भी समझना होगा कि संविधान संशोधन केवल संख्या बल से पारित कराने का विषय नहीं है। विशेष बहुमत हासिल कर लेना किसी बड़े संवैधानिक फैसले की राजनीतिक वैधता की पूरी गारंटी नहीं हो सकता। महिला आरक्षण और परिसीमन का प्रभाव आने वाले कई दशकों तक भारतीय राजनीति पर पड़ सकता है। ऐसे में इस पर व्यापक राष्ट्रीय सहमति बनाने की कोशिश होनी चाहिए। संसद में बहस, राज्यों से परामर्श और संवैधानिक विशेषज्ञों की राय इस प्रक्रिया का अनिवार्य हिस्सा होनी चाहिए। संसद के मानसून सत्र के अनिश्चितकालीन स्थगन के बाद 100 दिन से अधिक समयतक सत्रावसान नहीं किए जाने और विशेष सत्र की संभावनाओं के बीच पैदा हुई अनिश्चितता भी राजनीतिक माहौल को और रोचक बना रही है। सरकार के पास विधेयक पारित कराने का संख्यात्मक आत्मविश्वास हो सकता है, लेकिन विपक्ष के विरोध और दक्षिणी राज्यों की आशंकाओं को नजरअंदाज करके आगे बढ़ना आसान नहीं होगा। संविधान संशोधन के लिए दोनों सदनों में विशेष बहुमत की आवश्यकता भी सरकार के सामने संसदीय चुनौती पेश करती है। लोकतंत्र में सीटों की संख्या बढ़ाना महत्वपूर्ण हो सकता है, लेकिन उससे भी अधिक महत्वपूर्ण यह है कि हर राज्य और हर नागरिक की आवाज का महत्व बना रहे। महिला आरक्षण का उद्देश्य संसद को अधिक समावेशी बनाना है, न कि संघीय संतुलन को लेकर एक नया विवाद खड़ा करना। संसद को इस बार यह साबित करना होगा कि राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्रीय हित में फैसला लेना अभी भी भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।