रिसाली को 101 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात, पेयजल के लिए 134 करोड़ की घोषणा

Follow Us

दुर्ग । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को दुर्ग जिले के रिसाली नगर निगम क्षेत्र में 101 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने पेयजल व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए 134 करोड़ रुपये, सभी 40 वार्डों में नाली सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ रुपये तथा नेवई और जोरातराई के मुक्तिधामों के उन्नयन के लिए 50-50 लाख रुपये देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप शहरों को आर्थिक विकास, उद्योग, व्यापार और रोजगार के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से नगरीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि रिसाली में नगर निगम के 29 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत के 22 कार्यों का भूमिपूजन और 39 करोड़ 56 लाख रुपये के दो कार्यों का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के 28 करोड़ 6 लाख रुपये के एक कार्य और मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत 3 करोड़ 84 लाख रुपये के चार कार्यों का भूमिपूजन किया गया। आजाद मार्केट से प्रगति नगर होते हुए मैत्री कुंज तक 10 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से नाला बनाया जाएगा। वहीं डीपीएस चौक से जोहार चौक तक 5 करोड़ 59 लाख रुपये की लागत से सड़क विकास का कार्य होगा। वार्ड क्रमांक 18 में करीब 1 करोड़ 95 लाख रुपये से ओवरहेड टैंक और मैत्री नगर में 1 करोड़ 65 लाख रुपये से उद्यान, समतलीकरण तथा प्रकाश व्यवस्था के कार्य किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तालपुरी और रूआबांधा क्षेत्र में 98 लाख रुपये से अधिक, डुंडेरा पश्चिम में 77 लाख रुपये, नेवई भांठा एवं नेवई बस्ती पूर्व में 74 लाख रुपये तथा शक्ति विहार रिसाली में 67 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य होंगे। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय, नेवई भिलाई में करीब 28 करोड़ 7 लाख रुपये से नए आवासीय भवन, बालक छात्रावास और वर्कशॉप भवन का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रिसाली को आने वाले समय में पीएम ई-बस सेवा से भी जोड़ा जाएगा, जिससे नागरिकों को सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों के लिए 18 लाख मकानों की व्यवस्था की गई है, जिनमें से 12 लाख आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। महतारी वंदन योजना के तहत करीब 68 लाख महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है और अब तक 33 किस्तें जारी की जा चुकी हैं। उन्होंने धान खरीदी का उल्लेख करते हुए कहा कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में 15 नवंबर से प्रदेश के करीब 3100 केंद्रों पर खरीदी शुरू हुई है। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए केंद्र खोले गए हैं। धान 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक खरीदा जा रहा है। सरकार ने 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी अंतर की आदान सहायता राशि देने का निर्णय लिया है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में नगरीय क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। रिसाली को 101 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली है और नगर निगम क्षेत्र के विकास के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, सांसद विजय बघेल, विधायक रिकेश सेन सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत 95 हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक, सामग्री, प्रशस्ति पत्र और अधिकार अभिलेख भी प्रदान किए गए। इनमें दिव्यांग हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर और श्रवण यंत्र वितरित किए गए।