महाराष्ट्र TET पेपर लीक: मास्टरमाइंड बिजेंद्र गुप्ता की पत्नी पटना से गिरफ्तार, फरार आरोपी की तलाश तेज

Follow Us

पटना/ठाणे। महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 प्रश्नपत्र लीक मामले में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। बिहार एसटीएफ और महाराष्ट्र की ठाणे पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कथित मास्टरमाइंड बिजेंद्र गुप्ता की पत्नी सुमन गुप्ता को पटना के अगमकुआं इलाके से गिरफ्तार किया गया है। अदालत ने सुमन को 6 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को इनपुट मिला था कि फरार आरोपी बिजेंद्र गुप्ता अपनी छोटी बेटी के जन्मदिन के अवसर पर पटना स्थित घर आ सकता है। इसी सूचना के आधार पर बिहार एसटीएफ और महाराष्ट्र पुलिस ने अगमकुआं के गांधी नगर स्थित फ्लैट पर छापेमारी की। हालांकि, बिजेंद्र पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने सुमन गुप्ता को हिरासत में लिया और मौके से मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए। जांच एजेंसियों का दावा है कि सुमन को कथित पेपर लीक नेटवर्क की जानकारी थी। आरोप है कि वह अवैध लेनदेन का हिसाब रखती थी और गिरोह के अन्य सदस्यों तक पैसों के प्रबंधन में भी भूमिका निभाती थी। इससे पहले 27 जून 2026 को महाराष्ट्र पुलिस ने इस मामले में राजीव शाह, आकाश और धीरज को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में तीनों ने बिजेंद्र गुप्ता को पूरे नेटवर्क का कथित मास्टरमाइंड बताया था।

जांच में यह भी सामने आया है कि प्रश्नपत्र कथित तौर पर आगरा स्थित एक प्रिंटिंग प्रेस से लीक किया गया था। पुलिस के अनुसार, इस मामले में उत्तर प्रदेश के सोनू और अनूप की भूमिका भी सामने आई है, जिन पर प्रिंटिंग प्रेस से प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का आरोप है।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपी बिजेंद्र गुप्ता और उसके कथित सहयोगी कपिल दहिया की तलाश में जुटी हुई है। वहीं, जांच एजेंसियां सुमन गुप्ता के मोबाइल की कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही हैं।