धमतरी। जिले में बुधवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों से तीन युवकों के शव फंदे से लटके मिलने की घटनाओं के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। शुरुआती जांच में तीनों मामलों को आत्महत्या से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि, मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पहली घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के मकेश्वर वार्ड की है, जहां संजू साहू अपने घर में मृत पाए गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दूसरी घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के अछोटा गांव में सामने आई। यहां गोपाल यादव का शव फंदे से लटका मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और मामले की जांच शुरू कर दी।
तीसरी घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के संबलपुर ओवरब्रिज के पास हुई, जहां एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर युवक की शिनाख्त और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। तीनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि, परिजनों और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
