नई दिल्ली। सावन का पवित्र महीना भगवान शिव की आराधना और व्रत के लिए खास माना जाता है। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग सोमवार का उपवास रखते हैं और फलाहार के रूप में साबुदाना खिचड़ी, वड़ा, खीर और टिक्की जैसी चीजों का सेवन करते हैं। साबुदाना व्रत के दौरान तुरंत ऊर्जा देने वाला भोजन माना जाता है, लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार इसका अधिक सेवन कुछ लोगों के लिए परेशानी बढ़ा सकता है। साबुदाना मुख्य रूप से कार्बोहाइड्रेट से भरपूर होता है। इसमें प्रोटीन, फाइबर, विटामिन और मिनरल्स की मात्रा कम होती है। ऐसे में केवल साबुदाना से बनी चीजों का लगातार सेवन करने से शरीर को सभी जरूरी पोषक तत्व नहीं मिल पाते। इसलिए इसे संतुलित आहार के साथ शामिल करना बेहतर माना जाता है।
डायबिटीज के मरीज रखें सावधानी
मधुमेह से पीड़ित लोगों को साबुदाना खाते समय विशेष ध्यान रखना चाहिए। इसमें कार्बोहाइड्रेट की मात्रा अधिक होती है, जिससे ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकता है। अगर डायबिटीज के मरीज व्रत में साबुदाना खाना चाहते हैं, तो इसकी मात्रा सीमित रखें और इसे मूंगफली, दही या पनीर जैसे प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थों के साथ खाएं।
वजन कम करने वालों के लिए ज्यादा सेवन नुकसानदायक
जो लोग वजन घटाने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें साबुदाना सीमित मात्रा में खाना चाहिए। खासकर साबुदाना वड़ा जैसी तली हुई चीजों में कैलोरी और फैट की मात्रा बढ़ जाती है। ऐसे में कम तेल में बनी साबुदाना खिचड़ी या हल्की डिश बेहतर विकल्प हो सकती है।
पाचन की समस्या वाले लोग भी रखें ध्यान
साबुदाना में फाइबर की मात्रा कम होती है, इसलिए कुछ लोगों को ज्यादा सेवन करने पर कब्ज या पाचन संबंधी परेशानी हो सकती है। पाचन कमजोर होने पर साबुदाना के साथ फल, दही और अन्य फाइबर युक्त व्रत वाले खाद्य पदार्थ शामिल करना फायदेमंद हो सकता है।
साबुदाना को ज्यादा पौष्टिक बनाने के लिए इसमें भुनी हुई मूंगफली, पनीर, दही या मेवे शामिल किए जा सकते हैं। खिचड़ी में आलू की मात्रा कम रखकर प्रोटीन युक्त चीजों की मात्रा बढ़ाना बेहतर विकल्प हो सकता है। साथ ही पर्याप्त पानी, नारियल पानी और मौसमी फलों का सेवन शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है। विशेषज्ञों के अनुसार व्रत के दौरान केवल पेट भरना ही उद्देश्य नहीं होना चाहिए, बल्कि शरीर को जरूरी पोषण भी मिलना चाहिए। इसलिए साबुदाना के साथ दूध, दही, मखाना, फल और ड्राई फ्रूट्स को डाइट में शामिल करना बेहतर है।
सावन व्रत में साबुदाना स्वादिष्ट और ऊर्जा देने वाला विकल्प जरूर है, लेकिन इसका सेवन संतुलित मात्रा में करना जरूरी है। खासकर डायबिटीज, मोटापा या पाचन संबंधी समस्या वाले लोगों को अपनी सेहत के अनुसार आहार का चुनाव करना चाहिए।
