रायपुर। पुलिस की सतर्कता और सक्रिय कार्रवाई से शहर में होने वाली एक बड़ी डकैती की वारदात को समय रहते रोक लिया गया। गुढ़ियारी थाना पुलिस ने पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की योजना बना रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू और तीन मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि, कुछ संदिग्ध युवक रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पीछे नए रोड के पास मौजूद हैं और किसी बड़ी वारदात की तैयारी में हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि, वे रात के समय कल्याण ज्वेलर्स में डकैती डालने की योजना बना रहे थे।
जांच में सामने आया कि, आरोपियों ने पहले ज्वेलर्स की रेकी की थी और सुरक्षा व्यवस्था, आसपास के क्षेत्र तथा वारदात को अंजाम देने के तरीकों की जानकारी जुटाई थी। पुलिस ने बताया कि, मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवांश शर्मा, सुशांत कुमार पासवान और मयंक सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके खिलाफ डकैती के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। रायपुर पुलिस का कहना है कि, प्रोएक्टिव पुलिसिंग के तहत संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है, जिससे अपराध होने से पहले ही उसे रोका जा सके।
