जांजगीर-चांपा। धनतेरस और दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। बाजारों में बढऩे वाली भीड़ और नागरिकों की आवाजाही को देखते हुए प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, सराफा दुकानों और संवेदनशील क्षेत्रों में फिक्स पॉइंट निर्धारित कर पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही पेट्रोलिंग टीमें लगातार गश्त कर संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखेंगी।
पर्व के दौरान चोरी, उठाईगिरी, जेबकतरी और अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस विशेष सतर्कता बरतेगी। वहीं, बाजारों और प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए भी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं, ताकि खरीदारी के लिए पहुंचने वाले लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
पुलिस ने नागरिकों से की सतर्क रहने की अपील
जांजगर-चांपा पुलिस ने नागरिकों से धनतेरस और दीपावली का पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में मनाने की अपील की है। खरीदारी के दौरान अपने सामान और वाहनों की सुरक्षा का ध्यान रखने के साथ किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना, पुलिस कंट्रोल रूम जांजगीर के मोबाइल नंबर 9479193199 या डायल 112 पर देने कहा गया है। पुलिस के अनुसार, त्योहारों के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहेगा।
