विधायक विक्रम मंडावी बोले– स्कूल-अस्पताल की जगह शराब दुकानें खोलना कैसा विकास?
बीजापुर। जिले के भोपालपटनम विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत संगमपल्ली में अंग्रेजी शराब दुकान खोले जाने के विरोध में ग्रामीणों और आदिवासी समुदाय के लोगों ने प्रदर्शन किया। आसपास के गांवों के लोगों ने भी विरोध में शामिल होकर शराब दुकान को तत्काल बंद कर हटाने की मांग की। प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने तहसीलदार के माध्यम से कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि संगमपल्ली आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है। यहां अंग्रेजी शराब दुकान खुलने से बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पडऩे की आशंका है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे क्षेत्र में अपराध बढ़ सकते हैं और आदिवासी युवाओं का भविष्य प्रभावित हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से दुकान को तत्काल बंद कर हटाने की मांग की है।
इस मामले में बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर ग्रामीण और युवा स्कूल, अस्पताल, सड़क, पेयजल, बिजली और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार शराब दुकानें खोल रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं की मांग कर रहे हैं, तब शराब दुकान खोलना कैसा विकास है? विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार को इस पर जवाब देना चाहिए।
ग्रामीणों ने प्रशासन को 15 नवंबर तक शराब दुकान हटाने का अल्टीमेटम दिया है। उनका कहना है कि निर्धारित समय-सीमा में मांग पूरी नहीं होने पर 15 नवंबर के बाद दुकान हटाने की मांग को लेकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान लालू राठौर, नीना रावतिया उद्दे, शंकर कुडिय़ाम, मिच्छा मुतैया, मनोज यलम, सुनील उद्दे, सुरेश सोढ़ी, इस्तारी तलंडी, कामेश्वर गौतम, अरुण वासम और मनोज कसोजी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं महिलाएं मौजूद रहीं।
