छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, मास्टर ट्रेनर्स के पहले बैच का प्रशिक्षण संपन्न

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके तहत मास्टर ट्रेनर्स के प्रथम बैच का चार दिवसीय राज्यस्तरीय प्रशिक्षण गुरुवार को नवा रायपुर स्थित प्रशासन अकादमी में संपन्न हुआ। राज्य में जनगणना के दूसरे चरण का मैदानी कार्य 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा, जिसमें प्रगणक घर-घर पहुंचकर परिवारों के सदस्यों की गणना करेंगे।

आज मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य प्रदेश में एक से 30 मई 2026 तक पूरा किया जा चुका है। अब दूसरे चरण के लिए प्रशासनिक और तकनीकी स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इस चरण में प्रदेशभर में लगभग 66 हजार प्रगणक एवं पर्यवेक्षक तैनात किए जाएंगे।

मैदानी कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने के लिए जिलों से 1,120 फील्ड ट्रेनर्स नामित किए गए हैं। वहीं, फील्ड ट्रेनर्स के प्रशिक्षण के लिए कुल 60 मास्टर ट्रेनर्स का चयन किया गया है। इनमें 47 मास्टर ट्रेनर्स विभिन्न जिलों से तथा 13 जनगणना कार्य निदेशालय से नामित किए गए हैं।

भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार तथा छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण गृह विभाग की प्रमुख सचिव एवं राज्य नोडल अधिकारी निहारिका बारीक तथा जनगणना कार्य निदेशालय, छत्तीसगढ़ के निदेशक कार्तिकेया गोयल के दिशा-निर्देशों में संचालित हो रहा है।

संगमपल्ली में अंग्रेजी शराब दुकान खोलने का विरोध, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन; 15 नवंबर तक हटाने का अल्टीमेटम

प्रशिक्षण का प्रथम बैच दो नवंबर से प्रारंभ हुआ था, जिसका समापन पांच नवंबर को हुआ। इसमें प्रदेश के 16 जिलों के मास्टर ट्रेनर्स ने भाग लिया। राष्ट्रीय प्रशिक्षक एवं संयुक्त निदेशक अशोक मिश्र और प्रदीप कुमार साव ने प्रतिभागियों को जनगणना की विभिन्न प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया।

प्रथम बैच में मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, सरगुजा, जशपुर, रायगढ़, कोरबा, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, मुंगेली, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बलौदाबाजार-भाटापारा और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिलों के मास्टर ट्रेनर्स शामिल हुए।

प्रशिक्षण के दौरान जनगणना की प्रश्नावली, प्रगणना प्रक्रिया, मोबाइल एप्लीकेशन के उपयोग, आंकड़ों के संकलन और उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने संबंधी तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही व्यावहारिक अभ्यास के माध्यम से मास्टर ट्रेनर्स को जिला स्तर पर प्रशिक्षण देने के लिए तैयार किया गया।

खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए दो साल का रोडमैप बनाने के निर्देश, बस्तर के विकास और जनजातीय समुदायों के कल्याण पर विशेष जोर

अधिकारियों के अनुसार, मास्टर ट्रेनर्स के प्रशिक्षण का दूसरा बैच 16 से 19 नवंबर 2026 तक नवा रायपुर स्थित प्रशासन अकादमी में आयोजित किया जाएगा। इस बैच को भी राष्ट्रीय प्रशिक्षक अशोक मिश्र और प्रदीप कुमार साव प्रशिक्षण देंगे।

प्रशिक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद मास्टर ट्रेनर्स जिला स्तर पर फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षित करेंगे। इसके बाद फील्ड ट्रेनर्स प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को जनगणना कार्य की बारीकियां समझाएंगे।

जनगणना निदेशालय के अनुसार, प्रशिक्षण के दौरान तकनीकी दक्षता, आंकड़ों की शुद्धता और समयबद्ध कार्य निष्पादन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि प्रदेश में जनगणना-2027 का दूसरा चरण व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।