रायगढ़। जिले में अवैध कबाड़ के परिवहन और कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने करीब 24 टन अवैध स्क्रैप से लदे 14 चक्का ट्रक को पकड़ा है। पुलिस ने ट्रक में लोड विभिन्न प्रकार के टिन और लोहे के स्क्रैप कीमती करीब ₹7.55 लाख तथा परिवहन में इस्तेमाल ट्रक कीमती ₹10 लाख, यानी कुल ₹17.55 लाख की संपत्ति जब्त की है।
जानकारी के अनुसार, 8 अगस्त की रात थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक 14 चक्का ट्रक में अवैध रूप से स्क्रैप लोड कर पूंजीपथरा की ओर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए रवाना किया।
पुलिस टीम ने गेरवानी मुख्य मार्ग पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान ट्रक क्रमांक RJ05GB2229 को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक चालक ने पूछताछ में अपना नाम नेमीचंद मीणा (46 वर्ष), निवासी रामपुरिया, थाना इटावा, जिला कोटा, राजस्थान बताया।ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में विभिन्न प्रकार के टिन और लोहे के टुकड़ों का स्क्रैप मिला। पुलिस ने चालक से कबाड़ के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि वह उक्त कबाड़ को ओडिशा से लोड कर पूंजीपथरा स्थित प्लांट में खपाने के लिए लेकर आ रहा था। इसके बाद पुलिस ने ट्रक में लदे करीब 24 टन स्क्रैप, जिसकी अनुमानित कीमत ₹7.55 लाख है, तथा स्क्रैप के परिवहन में इस्तेमाल 14 चक्का ट्रक, जिसकी कीमत करीब ₹10 लाख है, जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी चालक नेमीचंद मीणा के खिलाफ थाना पूंजीपथरा में धारा 35(क)(ड) BNSS एवं 303(2) BNS के तहत कार्रवाई की है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रधान आरक्षक राज कुमार पैकरा, आरक्षक नरेन्द्र पैंकरा, सुरेन्द्र यादव और विनय तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अवैध कबाड़ कारोबार पर जारी रहेगी कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध कबाड़ के परिवहन और कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के साथ-साथ ऐसे परिवहन में इस्तेमाल किए जाने वाले वाहनों पर भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
