प्रसूता की मौत पर हाईवे जाम, देवमाता अस्पताल पर लापरवाही के गंभीर आरोप

Follow Us

गरियाबंद। जिले के देवभोग स्थित देवमाता हॉस्पिटल में प्रसव के दौरान एक महिला की मौत के बाद स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई है। भानुमति मांझी (30 वर्ष) नामक प्रसूता की जान जाने से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे 130-C पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों का लंबा रेला लग गया।

मृतका के परिजनों और समाज के लोगों का सीधा आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन की घोर लापरवाही और समय पर सही इलाज न मिलने के कारण भानुमति की जान गई। प्रदर्शनकारी अब अस्पताल का लाइसेंस निरस्त करने और दोषी स्टाफ के खिलाफ तत्काल एफआईआर (FIR) दर्ज करने की मांग पर अड़े हुए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार स्थिति को संभालने और परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है।

दूसरी ओर, देवमाता अस्पताल के डॉक्टर सागर गाटवाक ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि प्रसव के दौरान बच्चा फंस गया था। उन्होंने प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों की सहमति से मरीज को ओडिशा के नजदीकी अस्पताल रेफर किया था। डॉक्टर का दावा है कि स्थिति खून की कमी के कारण बिगड़ी और परिजनों ने समय पर खून नहीं चढ़वाया। फिलहाल, मामले में निष्पक्ष जांच की मांग तेज है।